Kedarnath Yatra:यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद
केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने स्वयं केदारनाथ धाम पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने यात्रा मजिस्ट्रेटों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर पिछले दो दिनों की व्यवस्थाओं और चुनौतियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करने के निर्देश दिए।

Kedarnath Yatra:सुरक्षा बलों को एसपी के निर्देश
देर रात दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया तथा श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल विभागों को 24×7 अलर्ट रहने और किसी भी समस्या का समाधान 10 मिनट के भीतर करने के निर्देश दिए। वहीं एसपी ने सुरक्षा बलों को हर समय सतर्क रहकर यात्रियों की सहायता करने को कहा।

Kedarnath Yatra:भ्रामक सोशल मीडिया रील बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मंदिर क्षेत्र में अनावश्यक ड्रोन उड़ाने या भ्रामक सोशल मीडिया रील बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब तक यात्रा के पहले दो दिनों में 63,252 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुखद यात्रा का भरोसा दिलाया है.
NAINITAL NEWS: टोल टैक्स को लेकर बड़ा फैसला.


