ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोता घाटी के खतरनाक मोड़ पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। कर्णप्रयाग से हरिद्वार जा रही जीएमओयू की बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए, जिससे बस में सवार 39 यात्रियों की सांसें थम गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ढलान पर उतरते समय बस के ब्रेक ने अचानक काम करना बंद कर दिया। तेज ढलान और गहरी खाई के बीच बस अनियंत्रित हो रही थी। ऐसे में चालक ने असाधारण साहस का परिचय दिया।
उन्होंने पहले सड़क किनारे मिट्टी और पत्थरों पर बस चढ़ाकर गति कम करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सामने गहरी खाई देख चालक ने बड़ा निर्णय लेते हुए बस को सड़क किनारे लगे सुरक्षा पिलर से टकरा दिया। टक्कर लगते ही बस रुक गई और बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना में बस में सवार पांच यात्रियों को हल्की चोटें आईं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद ऋषिकेश भेज दिया गया है। अन्य सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें वैकल्पिक वाहनों से उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया।
चौकी प्रभारी दीपक लिंगवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। वाहन की तकनीकी जांच कराई जा रही है और मामले की जांच जारी है। तोता घाटी क्षेत्र पहले भी दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील रहा है। चालक की त्वरित सूझबूझ और साहस ने इस बार 39 जिंदगियों को काल के गाल में समाने से बचा लिया।


