प्रदेश के शहरों, तीर्थ स्थलों और पर्यटन केंद्रों में बढ़ती यातायात समस्या से निपटने के लिए सरकार ने पार्किंग परियोजनाओं पर तेजी ला दी है। पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर आवास विभाग विभिन्न विकास प्राधिकरणों के जरिए पार्किंग सुविधाओं का विस्तार कर रहा है।

दूसरे चरण में प्रदेश के 11 स्थानों पर पार्किंग निर्माण कार्य लगभग 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इनके शुरू होने पर 1082 वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी। विभाग का लक्ष्य चालू वित्तीय वर्ष में इन परियोजनाओं को पूर्ण कर संचालन शुरू करने का है।

इससे पहले प्रथम चरण में 54 स्थानों पर 3244 वाहनों की पार्किंग सुविधा शुरू की जा चुकी है। कुल मिलाकर 114 परियोजनाओं की डीपीआर स्वीकृत की गई है और बजट भी जारी किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त विकास प्राधिकरण अपने संसाधनों से 11 अन्य स्थानों पर पार्किंग निर्माण करा रहे हैं, जहां 359 वाहनों की अतिरिक्त क्षमता विकसित होगी।
सचिव आवास डॉ आर राजेश कुमार ने निर्देश दिए हैं कि आगामी यात्रा सीजन से पहले चिन्हित स्थलों पर पार्किंग सुविधा बहाल की जाए। साथ ही पार्किंग स्थलों पर शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी और तीर्थ-पर्यटन सीजन में यातायात प्रबंधन बेहतर होगा।


