उत्तराखंड के तीन जिलों के न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। सोमवार को मिली धमकी के बाद मंगलवार सुबह 7:11 बजे फिर से जिला जज के आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा संदेश पहुंचा, जिससे सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं।
ईमेल में कोर्ट परिसर में आरडीएक्स से बने बम लगाए जाने और सुबह 11:15 बजे विस्फोट की बात कही गई। संदेश में कथित तौर पर तमिल टाइगर्स ऑफ ईलम और पाकिस्तान आईएसआई का नाम भी लिखा गया है।

धमकी मिलते ही बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने कोर्ट परिसर की सघन तलाशी ली। जज चैंबर, अधिवक्ता कक्ष, पार्किंग और अन्य सार्वजनिक स्थलों की जांच की गई। हालांकि, अब तक की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
टिहरी जिला न्यायालय में भी अलर्ट
नई टिहरी स्थित जिला न्यायालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भी बम प्लांट करने का संदेश मिला। सूचना के बाद पुलिस और एलआईयू टीम ने पूरे परिसर की जांच की, लेकिन यहां भी कुछ संदिग्ध नहीं मिला।

रुद्रप्रयाग जिला न्यायालय को भी मिली धमकी
रुद्रप्रयाग जिला न्यायालय को भी इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिलने की सूचना है। एहतियातन कोर्ट परिसर खाली कराकर पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने व्यापक जांच की।

पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर साइबर सेल को जांच सौंपी है। तीनों जिलों के न्यायालय परिसरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और ईमेल के स्रोत का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।


