हरिद्वार जिले के रुड़की में कांवड़ पटरी मार्ग पर एक और सड़क हादसा हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली और बोलेरो की जोरदार भिड़ंत में बोलेरो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो अन्य युवकों को हल्की चोटें आई हैं।

अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर :-
जानकारी के अनुसार पिरान कलियर थाना क्षेत्र के मुकर्रबपुर निवासी 25 वर्षीय जुल्फिकार अपने दो दोस्तों के साथ बोलेरो से पिरान कलियर से रुड़की की ओर जा रहे थे। जैसे ही वाहन सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में कांवड़ पटरी मार्ग पर पहुंचा, सामने से आ रही अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बोलेरो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल में चल रहा इलाज:- सूचना मिलते ही सिविल लाइन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों के अनुसार चालक की हालत गंभीर बनी हुई है। अन्य दो युवकों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
कुछ घंटे पहले भी हुआ था हादसा:-
गौरतलब है कि इसी कांवड़ पटरी मार्ग पर कुछ घंटे पहले बाइक और स्कूटी की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसों से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। फिलहाल पुलिस दोनों घटनाओं की जांच में जुटी है।


