हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में 48 घंटे के भीतर एक और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। कांवड़ पटरी पर स्कूटी और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक कांवड़ पटरी पर बाइक और स्कूटी की टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में प्रशांत शुक्ला निवासी सिद्धार्थ एनक्लेव, रामनगर रुड़की और गुलशन पुत्र देशराज निवासी पूरनपुर, राजपुर कोतवाली रानीपुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद प्रशांत शुक्ला की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें रुड़की के सरकारी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने इसकी पुष्टि की है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
7 फरवरी को भी हुआ था भीषण हादसा
गौरतलब है कि 7 फरवरी की देर शाम भी इसी थाना क्षेत्र में बड़ा हादसा हुआ था। भगवानपुर से हरिद्वार की ओर जा रहे तीन युवक बेडपुर चौक के पास ईंट-भट्टे के समीप ओवरटेक के दौरान ट्रक की चपेट में आ गए थे। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था।
लगातार हो रहे सड़क हादसों से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और तेज रफ्तार से बचने की अपील की है। मामले की जांच जारी है।


