उत्तराखंड के नैनीताल और उत्तरकाशी जिलों में स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। ई-मेल के माध्यम से मिली इस धमकी के बाद पुलिस-प्रशासन तत्काल अलर्ट मोड पर आ गया और दोनों कोर्ट परिसरों को एहतियातन खाली करा दिया गया।

नैनीताल कोर्ट में सघन तलाशी:-
जानकारी के अनुसार ऑल इंडिया जजेस संगठन को एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें नैनीताल जिला न्यायालय को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं।
नैनीताल के एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि ई-मेल के आधार पर कोर्ट परिसर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। अधिकांश हिस्सों की तलाशी ली जा चुकी है और फिलहाल किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
उत्तरकाशी में भी अलर्ट:-
इसी तरह उत्तरकाशी जिला न्यायालय को भी ई-मेल के जरिए बम की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर को खाली कराया गया और पुलिस व खुफिया टीम ने जांच शुरू कर दी।
नगर कोतवाल भावना कैंथोला के अनुसार मेल में परिसर में विस्फोटक होने की बात कही गई थी। एहतियात के तौर पर पूरे न्यायालय परिसर की सघन जांच की जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क:-
दोनों जिलों में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं। पुलिस द्वारा ई-मेल की जांच की जा रही है और धमकी भेजने वाले की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। फिलहाल जांच जारी है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।


