सेलाकुई में हुए एंजेल चकमा हत्याकांड में पुलिस ने जांच पूरी कर दो नाबालिग समेत पांच आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी है। वहीं फरार मुख्य आरोपी के खिलाफ अब रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
घटना 9 दिसंबर 2025 की है, जब शराब की दुकान के बाहर विवाद के दौरान त्रिपुरा निवासी छात्र एंजेल चकमा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। 26 दिसंबर को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई, जिसके बाद मुकदमे में हत्या की धाराएं जोड़ी गईं।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर छह लोगों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य हमलावर यज्ञ राज अब भी फरार है।
पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है और उसके सीमा पार छिपे होने की आशंका है। पहले उसकी लोकेशन और गतिविधियों की जानकारी जुटाने के लिए ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था।
अब पुलिस अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की तैयारी कर रही है। रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद आरोपी की जानकारी अन्य देशों की एजेंसियों से साझा की जाएगी, जिससे उसकी गिरफ्तारी की संभावना बढ़ेगी।
पुलिस अधीक्षक विकासनगर पंकज गैरोला ने बताया कि पांच आरोपियों के खिलाफ 9 फरवरी को चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं।मामले में अब आगे की कार्रवाई न्यायालय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कानूनी प्रक्रिया पर निर्भर करेगी।


