उत्तराखंड भाजपा की कोर ग्रुप की अहम बैठक जौलीग्रांट में जारी है। बैठक पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में हो रही है, जबकि इसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट कर रहे हैं। लंबे समय बाद हो रही इस बैठक को 2027 विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।

14 दिग्गज नेता मौजूद:-
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, संगठन महामंत्री अजय सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और रमेश पोखरियाल निशंक शामिल हैं। राज्य के पांचों लोकसभा और तीनों राज्यसभा सांसदों को भी बुलाया गया है। कैबिनेट से सतपाल महाराज और धन सिंह रावत भी बैठक में मौजूद हैं।

ये चेहरे रहे बाहर:-
इस बार की कोर ग्रुप बैठक में तीनों प्रदेश महामंत्रियों को शामिल नहीं किया गया है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा और तीरथ सिंह रावत की गैरमौजूदगी भी राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे रही है।

इंटरनल सर्वे और विधायकों की समीक्षा:-
सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में कराए गए पार्टी के आंतरिक सर्वे की रिपोर्ट बैठक का मुख्य एजेंडा है। बताया जा रहा है कि कई विधायकों की परफॉर्मेंस संतोषजनक नहीं पाई गई है। ऐसे में सीटवार समीक्षा, संगठनात्मक मजबूती और 2027 विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति पर विस्तार से चर्चा हो सकती है।
इसके अलावा प्रदेश में चल रहे समसामयिक मुद्दों और लंबे समय से संगठन में दायित्वों की मांग को लेकर भी मंथन संभावित है। जौलीग्रांट की यह बैठक भाजपा के लिए चुनावी रोडमैप तय करने वाली अहम कड़ी मानी जा रही है।


