उत्तराखंड की चारधाम यात्रा 2026 को लेकर धार्मिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि घोषित होने के बाद अब श्रद्धालुओं की नजरें श्री केदारनाथ धाम पर टिकी हैं। रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि महाशिवरात्रि 2026 के अवसर पर घोषित की जाएगी।

बसंत पंचमी के पावन पर्व पर बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय की गई। भगवान बद्री विशाल के कपाट 23 अप्रैल 2026 को सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर विधि-विधान के साथ खोले जाएंगे। इसके तहत 7 अप्रैल को परंपरागत गाडू घड़ा कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो कपाट उद्घाटन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने की तिथियां अक्षय तृतीया पर निर्धारित की जाएंगी। हर वर्ष की तरह इस बार भी परंपरा के अनुसार शुभ मुहूर्त में दोनों धामों के कपाट खोले जाएंगे।

पंच केदारों में चतुर्थ केदार भगवान श्री रुद्रनाथ जी के कपाट 18 मई 2026 को दोपहर 12 बजकर 58 मिनट पर ग्रीष्मकाल के लिए श्रद्धालुओं हेतु खोले जाएंगे।
चारधाम यात्रा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां भी चरणबद्ध रूप से शुरू कर दी गई हैं, ताकि आगामी यात्रा सुचारु और सुरक्षित रूप से संचालित की जा सके।


