जनपद उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मल्ला के पास बीआरओ का रोडी-बजरी से ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की उपचार के दौरान मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे की है। गंगोत्री हाईवे पर मल्ला के समीप ट्रक बैक करते समय अचानक संतुलन बिगड़ गया और वाहन गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक 39 वर्षीय सत्येंद्र असवाल, निवासी हीना, और 27 वर्षीय जयराम सिंह, निवासी सेकू भटवाड़ी, गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान सत्येंद्र असवाल की मौत हो गई। वहीं, दूसरे घायल जयराम सिंह का उपचार जारी है।
भटवाड़ी पुलिस चौकी प्रभारी निखिल देव ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन बीआरओ का डंफर था, जो उपखनिज सामग्री से ओवरलोड था। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू में पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। ट्रक चालक की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।


