Monday, March 16, 2026
Google search engine
Homeकुमाऊंकाशीपुर में सोमवार देर रात सड़क पर लोगों का जमकर हंगामा, नेता...

काशीपुर में सोमवार देर रात सड़क पर लोगों का जमकर हंगामा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य भी सड़क पर धरने पर बैठे

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में सड़क पर स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। यहाँ एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत के बाद इलाके में तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं। हादसे से नाराज़ लोगों ने देर रात सड़क पर शव रखकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया।

दरअसल, काशीपुर के कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ढकिया नंबर एक में खनन वाहनों की तेज रफ्तार ने एक बार फिर एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बीते दिन हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया।

शव का पोस्टमार्टम कर जब देर शाम परिजनों को सौंपा गया, तो गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित लोग मानने को तैयार नहीं थे। लोगों की मांग थी कि खनन वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर तुरंत रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

इसी बीच नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों के साथ धरने पर बैठ गए। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए और जमकर निशाना साधा। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस और प्रशासन की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद देर रात लोग सड़क से हटे। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन खनन वाहनों की तेज रफ्तार एक बार फिर प्रशासन के लिए बड़ा सवाल खड़ा कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments