ऊधमसिंहनगर जिले के रुद्रपुर में एक परिवार ने पड़ोसियों के खौफ और पुलिस की बेरुखी से तंग आकर अपने घर के बाहर ‘मकान बिकाऊ है’ का पोस्टर लगा दिया है। मामला रुद्रपुर की सुभाष कॉलोनी का है। यहां एक परिवार का आरोप है कि मुस्लिम समुदाय के पड़ोसी आए दिन उनके साथ मारपीट और अभद्रता करते हैं।
हाल ही में बच्चों के विवाद में पड़ोसियों ने घर में घुसकर बुजुर्ग महिला का सिर फोड़ दिया। पीड़ितों का कहना है कि जब वे पुलिस के पास गए तो कोई सुनवाई नहीं हुई। थक-हारकर उन्होंने पलायन करने का मन बनाया और घर के बाहर पोस्टर लगा दिया। पोस्टर लगते ही पुलिस और खुफिया विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज किया।
सुभाष कॉलोनी निवासी उर्मिला पत्नी छेदालाल के घर पर 1 फरवरी को पड़ोसियों ने हमला कर दिया। उर्मिला की बेटी कमलेश ने बताया कि पड़ोस के रहने वाले आकिब, शाकिब, मुस्कान, गुड्डु और पप्पू आए दिन उनसे झगड़ा करते हैं। बीते दिनों बच्चों के खेल-खेल में हुए विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। आरोपियों ने उर्मिला के सिर पर ईंट से वार किया, जिससे उनका सिर फट गया और गंभीर चोटें आईं। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
‘हर रोज़ मार नहीं खा सकते, इसलिए बेच देंगे’
पीड़िता की बेटी कमलेश ने बताया, “हम यहां अब नहीं रह सकते। अगर हम पोस्टर नहीं लगाएंगे, तो क्या रोज उनसे पिटेंगे। बच्चों की लड़ाई में वो लोग घर पर चढ़ आए। एक व्यक्ति मुझे पागल कह रहा था, विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। हमने पहले भी थाने में शिकायत दी थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। हमें अपनी जान का खतरा है, इसलिए हमने मकान बेचने का फैसला लिया। तीसरी बार हम पर हमला हुआ है, अब बर्दाश्त नहीं होता।”

पोस्टर के बाद हरकत में पुलिस, CO ने हालात देखे
घर के बाहर ‘मकान बिकाऊ है’ का पोस्टर लगते ही प्रशासन हरकत में आ गया। सीओ सिटी प्रशांत कुमार खुद मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से बात की। सीओ सिटी ने बताया कि, “सुभाष कॉलोनी में दो पड़ोसी परिवारों के बीच बच्चों को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी। एक बुजुर्ग महिला को चोट आई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके का मुआयना किया और पीड़ित की तहरीर के आधार पर उचित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है, जो भी दोषी होगा उस पर कड़ी कार्रवाई होगी।”
FIR में जान से मारने की धमकी का जिक्र
पीड़िता उर्मिला द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने 1 फरवरी की घटना को लेकर मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर में उर्मिला ने बताया कि आकिब ने ईंट मारकर उनका सिर फोड़ा और बेटी के हाथ पर डंडे से वार किया। आरोपियों ने धमकी दी है कि “तुझे जान से मरवा देंगे, जो करना है कर ले।” पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


