जनपद नैनीताल के हल्द्वानी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामपुर रोड स्थित पीएसपी मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर का शुभारंभ किया। इस अवसर को उन्होंने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 250 बेड का यह आधुनिक अस्पताल अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है और कुमाऊं क्षेत्र की बड़ी आबादी को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण बनाना है।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है।

उन्होंने बताया कि आयुष्मान उत्तराखंड योजना के तहत 61 लाख से अधिक नागरिकों के कार्ड बनाए जा चुके हैं और निःशुल्क जांच योजना के अंतर्गत 207 प्रकार की पैथोलॉजिकल जांचें उपलब्ध कराई जा रही हैं। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।


