जनसेवा की भावना को साकार करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हल्द्वानी में आयोजित थाल सेवा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने स्वयं थाल सेवक बनकर जरूरतमंदों को भोजन परोसा और सेवा कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि थाल सेवा केवल भोजन वितरण तक सीमित पहल नहीं है, बल्कि यह समाज में करुणा, सहयोग और संवेदनशीलता का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सामाजिक पहलें समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं और जनकल्याण की भावना को मजबूती प्रदान करती हैं।
उन्होंने विशेष रूप से हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां प्रदेश के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए आते हैं। ऐसे में उनके साथ आए तीमारदारों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए थाल सेवा बड़ी राहत का माध्यम बन रही है।

मुख्यमंत्री ने थाल सेवा से जुड़े स्वयंसेवकों और आयोजकों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से चल रही यह पहल सेवा और सहभागिता की मजबूत मिसाल है।
टीम थाल सेवा के अध्यक्ष उमंग वासुदेवा ने बताया कि यह सेवा कई वर्षों से निरंतर संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य जरूरतमंदों को सम्मानपूर्वक पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रत्येक माह एक दिन इस सेवा के लिए सहयोग प्रदान किया जाता रहा है, जिससे अभियान को निरंतर मजबूती मिल रही है।

कार्यक्रम में टीम थाल सेवा के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। थाल सेवा का यह आयोजन सामाजिक सहभागिता और मानवीय प्रतिबद्धता का प्रेरक उदाहरण बनकर उभरा


