अल्मोड़ा जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। अल्मोड़ा-ताकुला मोटर मार्ग पर बसौली क्षेत्र के पास एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 11 माह के मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली नंबर की कार (DL 9C BH 8402) शादी समारोह से लौटते समय अल्मोड़ा की ओर आ रही थी। चुराड़ी और महेंद्रा क्लब के बीच बसौली के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सीधे खाई में जा गिरी। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। खाई की गहराई अधिक होने के कारण घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। तीन लोगों को मौके पर ही मृत घोषित किया गया।

मृतकों के नाम
मंजू देवी (44 वर्ष), निवासी कांडे, ताकुला
दिनेश राम (50 वर्ष), निवासी झिझाड़, ताकुला
रेहान (11 माह), निवासी थपनिया, ताकुला
तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बेस अस्पताल भेजा गया है।
घायलों के नाम
जया (25 वर्ष), निवासी थपनिया
गोपाल राम (50 वर्ष), निवासी कांडे
संजय (21 वर्ष), निवासी कांडे
महेश आर्या (25 वर्ष), निवासी थपनिया
अर्जुन कुमार (36 वर्ष), निवासी फतेहपुर बेरी, साउथ दिल्ली (चालक)
घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन का संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह माना जा रहा है।
यह परिवार दिल्ली से शादी में शामिल होकर लौट रहा था। एक ही पल में जश्न का माहौल शोक में बदल गया। पहाड़ी सड़कों पर लगातार हो रहे हादसे एक बार फिर सतर्कता और सुरक्षित ड्राइविंग की जरूरत की याद दिला रहे हैं।


