देहरादून के जौलीग्रांट के थानो क्षेत्र में हनुमान चालीसा पाठ को लेकर तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। मस्जिद के पास स्थित मंदिर में हनुमान चालीसा पढ़ने की मांग को लेकर हिंदू संगठनों और पुलिस के बीच टकराव जैसी स्थिति बन गई, जिसके बाद एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार थानो क्षेत्र में एक मस्जिद के ठीक सामने मंदिर स्थित है। हिंदू संगठनों के लोग मंदिर परिसर में हनुमान चालीसा पढ़ना चाहते थे। पुलिस को आशंका है कि मस्जिद के समीप धार्मिक आयोजन से माहौल बिगड़ सकता है, इसलिए थानो चौक पर बैरिकेडिंग कर संगठनों को आगे बढ़ने से रोक दिया गया।

अवैध निर्माण के आरोप :-
हिंदू संगठनों का आरोप है कि थानो स्थित मस्जिद का नक्शा पास नहीं कराया गया है और यह अवैध निर्माण है। साथ ही मस्जिद में संचालित मदरसे के वक्फ बोर्ड और उत्तराखंड सरकार में पंजीकृत न होने का भी दावा किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों द्वारा कथित अवैध निर्माण की शिकायत प्रशासन और एमडीडीए को दी गई थी। इसके बाद प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में मस्जिद के एक हिस्से को सील कर दिया था।
पुलिस की सख्ती:-
पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। किसी भी पक्ष को ऐसा कदम उठाने की अनुमति नहीं दी जाएगी जिससे क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव बढ़े। फिलहाल हिंदू संगठन थानो चौक पर धरने जैसी स्थिति में बैठे हैं और मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ की अनुमति की मांग कर रहे हैं।


