Monday, March 16, 2026
Google search engine
Homeदेहरादूनदेहरादून–पंचकूला हाईवे पर दर्दनाक हादसा: कांग्रेस नेता के बेटे समेत एक युवक...

देहरादून–पंचकूला हाईवे पर दर्दनाक हादसा: कांग्रेस नेता के बेटे समेत एक युवक की मौत

देहरादून–पंचकूला नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरेंद्र सिंह राणा के बेटे विजय राणा और उनके भांजे रुद्र प्रताप शामिल हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, हरिद्वार जिले के झबरेड़ा थाना क्षेत्र के भलस्वा गांव निवासी विजय राणा (23) और सहारनपुर के बड़गांव थाना क्षेत्र के शब्बीरपुर गांव निवासी रुद्र प्रताप (22) बुलेट मोटरसाइकिल से पंजाब के जालंधर जा रहे थे। विजय जालंधर में नौकरी करते थे, जबकि रुद्र प्रताप वहीं पढ़ाई कर रहे थे।

सोमवार सुबह करीब 7 बजे नकुड़ रोड क्रॉसिंग के पास घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता काफी कम थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बुलेट आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को सरकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

बताया जा रहा है कि विजय राणा की 22 फरवरी को ही सगाई हुई थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। परिवार ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव अपने साथ ले जाने का निर्णय लिया।

इस घटना पर कांग्रेस महानगर जिला अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संवेदना प्रकट की है। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है और पार्टी इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है। उधर, मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और रिश्तेदार व ग्रामीण ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। इलाके में इस हादसे को लेकर गहरा शोक व्याप्त है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments