Monday, March 16, 2026
Google search engine
Homeगढ़वालतोता घाटी में दर्दनाक हादसा: पहाड़ से पत्थर गिरने से ट्रक चालक...

तोता घाटी में दर्दनाक हादसा: पहाड़ से पत्थर गिरने से ट्रक चालक की मौत

पौड़ी जिले में ऋषिकेश–बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। तोता घाटी क्षेत्र में पहाड़ से अचानक भारी पत्थर गिरने से एक ट्रक उसकी चपेट में आ गया। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार चालक ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक तोता घाटी क्षेत्र में पहुंचा, पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर सीधे वाहन पर आ गिरा। पत्थर गिरते ही ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। कड़ी मशक्कत के बाद चालक के शव को ट्रक से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

देवप्रयाग थानाध्यक्ष प्रशांत बहुगुणा के अनुसार मृतक चालक मूल रूप से कर्णप्रयाग, जनपद चमोली का निवासी था और उसकी उम्र करीब 55 वर्ष थी। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि तोता घाटी क्षेत्र में अक्सर भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं होती रहती हैं। बरसात और सर्दियों के दौरान यह मार्ग अधिक जोखिम भरा हो जाता है। स्थानीय लोग लंबे समय से इस क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा उपायों की मांग कर रहे हैं।

वर्तमान में इस मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण और पहाड़ी कटिंग का कार्य जारी है। ऐसे में लगातार पत्थर गिरने की घटनाएं और अधूरे निर्माण कार्य आगामी चारधाम यात्रा के मद्देनजर चिंता का विषय बन सकते हैं।

चारधाम यात्रा से पहले बड़ी चुनौती

बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के लिए श्रद्धालु इसी राष्ट्रीय राजमार्ग से होकर गुजरते हैं। यात्रा सीजन के दौरान प्रतिदिन हजारों वाहन इस मार्ग पर चलते हैं। यदि समय रहते सुरक्षा जाल, पहाड़ी स्थिरीकरण और मलबा हटाने के कार्य पूरे नहीं किए गए तो दुर्घटनाओं और जाम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में प्रशासन के लिए जरूरी है कि यात्रा शुरू होने से पहले संवेदनशील क्षेत्रों, विशेषकर तोता घाटी में सुरक्षा इंतजाम पुख्ता किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम रह सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments