Monday, March 16, 2026
Google search engine
Homeअपराधदेहरादून कोर्ट को फिर बम धमकी, दो घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन

देहरादून कोर्ट को फिर बम धमकी, दो घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन

देहरादून स्थित जिला न्यायालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। नैनीताल, उत्तरकाशी, टिहरी और रुद्रप्रयाग के बाद अब देहरादून कोर्ट को भी ई-मेल के जरिए धमकी भेजी गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और एहतियातन पूरे न्यायालय परिसर को खाली करा लिया गया।

जानकारी के अनुसार यह धमकी जिला जज को भेजे गए ई-मेल के माध्यम से दी गई थी। संदेश में दावा किया गया था कि सुबह 11:15 बजे तक कोर्ट परिसर में लगाए गए पांच बम विस्फोट करेंगे। मेल में सी-4 और नाइट्रेट जैसे विस्फोटकों का उल्लेख किया गया था, साथ ही कुछ संगठनों के नाम और भड़काऊ बातें भी लिखी गई थीं।

सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अदालत परिसर में मौजूद जज, अधिवक्ता, कर्मचारी और अन्य लोगों को तुरंत बाहर निकाला गया। इसके बाद भवन के अंदर और बाहर कोने-कोने की सघन तलाशी ली गई।

करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान हर मंजिल, कोर्ट रूम, रिकॉर्ड रूम और सार्वजनिक स्थानों की जांच की गई। हालांकि तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। दोपहर लगभग 12:30 बजे जांच पूरी होने के बाद टीमों ने स्थिति सामान्य होने का संकेत दिया और लोगों को वापस अंदर जाने की अनुमति दे दी गई।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि ई-मेल के माध्यम से धमकी मिलने की सूचना पर तत्काल कार्रवाई की गई। पूरे परिसर की गहन जांच की गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस अब ई-मेल की तकनीकी जांच कर प्रेषक की पहचान करने में जुटी है।

गौरतलब है कि बुधवार को भी देहरादून कोर्ट को इसी तरह का धमकी भरा मेल मिला था, जिसके बाद कामकाज कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ था। लगातार मिल रही इन धमकियों ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस सतर्क है और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments