राजधानी देहरादून के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहब्बेवाला चौक पर बुधवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। राजस्थान से टाइल्स लेकर आ रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी कार पर पलट गया। टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे ट्रक और कार पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
पुलिस के अनुसार, ट्रक देहरादून की ओर आ रहा था। देहरादून बॉर्डर में प्रवेश करने के बाद आशारोड़ी से आगे ढलान पर वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया। चालक ने ट्रक को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन संतुलन खोने के बाद ट्रक मोहब्बेवाला चौक पर खड़ी कार से टकराकर उसके ऊपर पलट गया। टक्कर के बाद आग भड़क उठी।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पटेल नगर पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि आग फैलने से पहले ही ट्रक चालक वाहन से बाहर निकल गया। हालांकि उसे चोटें आई हैं और वह बेहोशी की हालत में पाया गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जिस कार पर ट्रक पलटा, उसमें उस समय कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। कार स्वामी भगवानपुर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, जो मंगलवार रात देहरादून आया था और वाहन को होटल के बाहर खड़ा कर रखा था।
फिलहाल ट्रक चालक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ट्रक के पंजीकरण दस्तावेजों के आधार पर संबंधित लोगों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ढलान पर ट्रक का अनियंत्रित होना माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।


