उत्तराखंड सरकार ने उत्तराखंड विधानसभा 2026 बजट सत्र की तिथियों का ऐलान कर दिया है। विधायी एवं संसदीय कार्य विभाग के प्रमुख सचिव धनंजय चतुर्वेदी ने आदेश जारी कर बताया कि बजट सत्र 9 मार्च से 13 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
सत्र की तैयारी के तहत सभी विभागों को आवश्यक प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इस बार बजट सत्र उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आयोजित होगा।

सत्र का कार्यक्रम:
9 मार्च: बजट सत्र का उद्घाटन, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह का अभिभाषण।
10 मार्च: राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा।
11 मार्च: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बतौर वित्त मंत्री आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट सदन में पेश करेंगे।
12-13 मार्च: विभागीय चर्चा और आवश्यक अनुमोदन।
सरकार ने पहले भी 2025 में गैरसैंण में बजट सत्र कराने का निर्णय लिया था, लेकिन भवन मेंटेनेंस के कारण सत्र देहरादून में आयोजित किया गया। इस बार भवन का मेंटेनेंस पूरा हो चुका है और सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
बजट सत्र में वित्त विभाग की ओर से विभागवार प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी और सत्र का स्वरूप जल्द ही मुख्यमंत्री मंत्रिमंडल के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।


