उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। आज राज्य के कई हिस्सों में मौसम खराब बना रहा। पर्वतीय जिलों में दिनभर बादल छाए रहे, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की भी सूचना है। मौसम में बदलाव के चलते ठंड का असर भी बढ़ा है।

आज इन जिलों में दिखा असर:- खासकर चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में बादल छाए रहे। कुछ ऊंचे क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की स्थिति बनी रही, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
20 से 22 फरवरी तक मौसम रहेगा शुष्क :- मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार 19 फरवरी को राज्य के चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होगी। ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी का अनुमान है। और 20, 21 और 22 फरवरी को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इन दिनों बारिश या बर्फबारी को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

23 फरवरी को फिर बदलेगा मौसम :- 23 फरवरी को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश का अनुमान है। 3,300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि राज्य के अन्य आठ जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
तापमान में बढ़ोतरी के संकेत :- अगले 1 से 2 दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। वहीं, अगले 4 से 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक बढ़ोतरी की संभावना है।


