राजधानी देहरादून के त्यूणी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कांडा बैंड से नीचे शिव मंदिर बैंड के पास एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अश्वनी बलूनी पुलिस टीम और राहत-बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही एसडीआरएफ को भी तत्काल सूचित किया गया।

मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि वाहन सड़क से करीब 200 मीटर नीचे खाई में गिरा हुआ था। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान महेश थापा (48 वर्ष), निवासी त्यूणी के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों और एसडीआरएफ की सहायता से वाहन में अन्य सवारियों की संभावना को लेकर आसपास तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन फिलहाल वाहन के पास अन्य कोई व्यक्ति नहीं मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


