कांवड़ यात्रा और महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर रुद्रपुर और काशीपुर नगर निगम ने 15 फरवरी तक मांस की बिक्री पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह प्रतिबंध पूरे निगम क्षेत्र में प्रभावी रहेगा।

निर्णय के तहत मीट की दुकानों के साथ-साथ होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में परोसे जाने वाले मांसाहारी व्यंजन भी बंद रहेंगे। प्रशासन का कहना है कि शिवभक्तों की बड़ी संख्या में आवाजाही को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
हर वर्ष महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालु गंगाजल लेकर शिव मंदिरों में जलाभिषेक करते हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान धार्मिक वातावरण बनाए रखने और शांति व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से यह आदेश जारी किया गया है।

नगर निगम ने साफ किया है कि प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। इसके लिए निगम की टीमें नियमित रूप से निरीक्षण करेंगी।
प्रशासन ने व्यापारियों और नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन कर धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित बनाने में सहयोग करें।


