रुद्रपुर में बुधवार रात कबाड़ के एक गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना में एक फायरमैन घायल हो गया, जबकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

112 पर मिली सूचना, तुरंत पहुंची फायर यूनिट :-
बीती रात लगभग 8:02 बजे 112 के माध्यम से सूचना मिली कि शिमला बहादुर, फूलसूंगा क्षेत्र में एक कबाड़ के गोदाम में आग लगी है। सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी महेश चंद के नेतृत्व में फायर यूनिट रुद्रपुर घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि प्लास्टिक कबाड़ से भरे गोदाम में आग तेजी से फैल रही थी। आग की तीव्रता को देखते हुए मोटर फायर इंजन से पंपिंग कर दो डिलीवरी होज पाइपों की सहायता से आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया।
तीन फायर यूनिटों ने संभाला मोर्चा:-
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रुद्रपुर फायर स्टेशन से एक अतिरिक्त यूनिट और पंतनगर फायर स्टेशन से भी एक फायर यूनिट मौके पर बुलाई गई। कुल तीन फायर यूनिटों ने संयुक्त अभियान चलाकर लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस अग्निकांड में खलील पुत्र जलील का प्लास्टिक कबाड़ जलकर नष्ट हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
आग बुझाने के दौरान फायरमैन घायल :-
आग बुझाने के दौरान लीडिंग फायरमैन चंद्र प्रकाश के पैर में पिघला हुआ प्लास्टिक चिपक जाने से वे घायल हो गए। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। अग्निशमन अधिकारी महेश चंद ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है।


