देहरादून में एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर हरीश चंद्र जोशी, निवासी वसंत विहार (देहरादून) एवं मूल निवासी जहरिखाल (पौड़ी गढ़वाल), ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 लाख रुपये की धनराशि दान कर मानवता और संवेदना की मिसाल पेश की है।

ब्रिगेडियर जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर यह चेक सौंपा। यह सहयोग राज्य में पूर्व में आई दैवीय आपदाओं के दौरान राहत और बचाव कार्यों को मजबूती देने के साथ-साथ आपदा प्रभावित गरीब एवं वंचित बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका में सहायता के उद्देश्य से दिया गया है।

मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर कहा कि, एक अनुभवी सैन्य अधिकारी होने के नाते ब्रिगेडियर जोशी की यह पहल समाज और राज्य के समग्र विकास के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सहयोग से अन्य नागरिक भी प्रेरित होंगे और सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने के लिए आगे आएंगे।

इस अवसर पर ब्रिगेडियर एच.के. जोशी की बेटी शानू जोशी भी उपस्थित रहीं। यह योगदान न केवल आर्थिक सहयोग है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि सेवा की भावना वर्दी तक सीमित नहीं रहती। वह जीवन भर समाज के साथ खड़ी रहती है।


