प्रधानमत्रीं नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को 9वीं बार ‘परीक्षा पे चर्चा’ 2026 कार्यक्रम में देशभर के चार करोड़ से अधिक स्कूली बच्चों से संवाद किया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी नेशविला रोड स्थित सेंट एंग्नेस स्कूल में प्रधानमंत्री के ‘परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में शिरकत करता हुए छात्रों को प्रोत्साहित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज पूरा देश प्रधानमंत्री के परीक्षा पे चर्चा के नौवें संस्करण से जुड़ा है। यह आयोजन अब केवल संवाद नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय आंदोलन बन चुका है। प्रधानमंत्री का संदेश हमें यह सिखाता है कि परीक्षा जीवन की एक कड़ी हो सकती है, लेकिन सम्पूर्ण जीवन नहीं।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने स्कूल के समय को याद करते हुए बच्चों से अपने अनुभव किये। मुख्यमंत्री ने कहा कि, स्कूल का समय अमूल्य होता है, जो दोबारा लौटकर नहीं आता है। इसलिए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल और अन्य गतिविधियों में भी निरंतर प्रतिभाग करना चाहिए। सीएम ने कहा कि, परीक्षा एक अवसर है, जिसमें छात्र एक योद्धा की तरह पूरे आत्मविश्वास, धैर्य और शांति के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ देते हैं। केवल परीक्षा उत्तीर्ण करना ही काबिलियत नहीं, जीवन में और भी अनेक लक्ष्य होते हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने छात्रों से अपने लक्ष्य तय कर प्राथमिकताओं के साथ आगे बढ़ने और परीक्षा के दबाव से मुक्त रहकर सकारात्मक सोच के साथ सफलता प्राप्त करने का आह्वान किया। साथ ही अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें और उनकी तुलना दूसरों से न करें।

परीक्षा पे चर्चा 2026 के संस्करण में उत्तराखंड से इस साल लगभग 7 लाख विद्यार्थी, 53 हजार से अधिक शिक्षक एवं 14 हजार से अधिक अभिभावक जुड़े, जबकि पिछले साल 2 लाख 98 हजार विद्यार्थियों ने इसमें हिस्सा लिया था।



