आगामी नन्दा राजजात यात्रा-2026 को सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चमोली में यात्रा मार्गों पर अवस्थापना सुविधाओं के विकास हेतु ₹ 3.08 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। इस स्वीकृति के तहत विभिन्न विकासखंडों में पार्किंग और विश्राम गृह निर्माण कार्य कराए जाएंगे, जिससे यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

स्वीकृत प्रस्तावों में थराली विकासखंड के अंतर्गत चैपड्यों स्थित शहीद भवानी दत्त इंटर कॉलेज परिसर में पार्किंग एवं विश्राम गृह निर्माण के लिए ₹ 71.67 लाख, कर्णप्रयाग विकासखंड के नौटी में चौपहिया और दुपहिया वाहनों के लिए सरफेस पार्किंग निर्माण हेतु ₹ 42.39 लाख, देवाल विकासखंड के सरकोट में पार्किंग, विश्राम गृह एवं शौचालय निर्माण के लिए ₹ 1.14 करोड़ तथा नारायण बगड़ के भगोती में सरफेस पार्किंग निर्माण के लिए ₹ 79.56 लाख की स्वीकृति शामिल है।
मुख्यमंत्री ने त्रिस्तरीय पंचायतीराज संस्थाओं को भी वित्तीय मजबूती देने का निर्णय लिया है। 16वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रथम किश्त में कुल ₹ 89.41 करोड़ की धनराशि अंतरित किए जाने का अनुमोदन दिया गया है। इसमें जिला पंचायतों को ₹ 13.74 करोड़, क्षेत्र पंचायतों को ₹ 9.16 करोड़ और ग्राम पंचायतों को ₹ 66.51 करोड़ प्रदान किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त विभिन्न विकास योजनाओं के लिए ₹ 34.34 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति भी दी गई है। देवाल बाजार में बहुमंजिला पार्किंग निर्माण के प्रथम चरण के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है, वहीं टिहरी गढ़वाल के घनसाली में बस स्टॉप निर्माण और पौड़ी गढ़वाल के यमेश्वर क्षेत्र में सिल्ला-कांडई मोटर मार्ग (द्वितीय चरण) के लिए भी धनराशि जारी की गई है। आयुष विभाग की निर्माणाधीन योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत रामनगर की आवासीय परियोजना में पेयजल योजना तथा नैनीताल के विद्यालयों की मरम्मत कार्यों को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसी क्रम में चम्पावत जनपद के टनकपुर में निर्मित स्टेडियम का नाम स्वर्गीय कैलाश गहतोड़ी के नाम पर रखे जाने का भी अनुमोदन किया गया है।
राज्य सरकार का कहना है कि इन निर्णयों से धार्मिक यात्राओं की व्यवस्थाओं में सुधार होगा, पंचायतों को संसाधन मिलेंगे और विभिन्न जिलों में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी।


