मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित व्यय–वित्त समिति की बैठक में राज्य के विभिन्न जनपदों से संबंधित महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को हरी झंडी दी गई।
चंपावत में स्टेडियम और गोलज्यू कॉरिडोर परियोजना
बैठक में माननीय मुख्यमंत्री की घोषणाओं के तहत चंपावत मुख्यालय स्थित गोरलचौड़ मैदान में स्टेडियम निर्माण कार्य को स्वीकृति दी गई। साथ ही गोलज्यू कॉरिडोर परियोजना के तहत श्री गोलू देवता कॉरिडोर के निर्माण कार्य को भी मंजूरी प्रदान की गई। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि कॉरिडोर निर्माण में मंदिर को केंद्र में रखते हुए स्थानीय और कुमाऊँ की पारंपरिक संस्कृति की झलक के साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य और विकास को भी शामिल किया जाए।

देहरादून और सितारगंज में परियोजनाएं
देहरादून जनपद के आमवाला तरला क्षेत्र में रिंग फेसिंग कार्यक्रम के तहत आमवाला तरला सीवरेज परियोजना को 1788.34 लाख रुपये की लागत से मंजूरी मिली। केंद्रीय कारागार सितारगंज के विस्तारीकरण कार्य के लिए 3814.72 लाख रुपये स्वीकृत किए गए।
हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय का निर्माण
गोलापर, हल्द्वानी में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय के प्रशासनिक एवं एकेडमिक भवन और 100 बेड क्षमता वाले छात्रावास के निर्माण हेतु 2679.37 लाख रुपये की योजना को भी मंजूरी दी गई।

बैठक में शामिल वरिष्ठ अधिकारी
बैठक में विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, दिलीप जावलकर, एस.ए. Adannki, रणवीर सिंह चौहान, धीरज गब्र्याल समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस बैठक के निर्णय से राज्य में खेल, पर्यटन, कारागार और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में विकास को बल मिलने की संभावना है।


