उत्तराखंड के सुदूर पर्वतीय क्षेत्र कपकोट ने साहसिक पर्यटन के राष्ट्रीय मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के एडवेंचर टूरिज्म विज़न के तहत बागेश्वर में आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्रीय एक्युरेसी पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता ने कपकोट को नए पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित किया है।

5 फरवरी से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में देशभर से 92 पायलटों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 78 प्रतिभागियों ने जालेख की पहाड़ियों से उड़ान भरकर अपने कौशल का प्रदर्शन किया। हजारों स्थानीय दर्शकों और पर्यटकों की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे और विधायक सुरेश गड़िया ने किया। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे आयोजन पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसरों को भी सशक्त करते हैं।
समापन अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वयं पैराग्लाइडिंग कर कपकोट को भविष्य का उभरता एडवेंचर डेस्टिनेशन बताया। प्रतियोगिता में मनीष उप्रेती ने पहला, मनीष भंडारी ने दूसरा और पंकज कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया।



