मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद टिहरी के घनसाली में 41.21 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 13.43 करोड़ रुपये की 3 योजनाओं का लोकार्पण और 27.78 करोड़ रुपये की 5 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उच्चीकृत किए जाने का भी शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर अस्पताल के लिए भूमि दान करने वाले कृष्णा गैरोला और उनके परिवार को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

मूलभूत सुविधाओं पर फोकस:-
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन योजनाओं का शिलान्यास हो चुका है, उनका कार्य रुकना नहीं चाहिए और शीघ्र लोकार्पण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पहाड़ों में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि इच्छाशक्ति हो तो संसाधनों की कमी भी दूर की जा सकती है।
स्वास्थ्य और जनकल्याण योजनाओं का जिक्र:-
मुख्यमंत्री ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रत्येक परिवार को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार मिल रहा है। डीबीटी के माध्यम से योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है।
नंदा गौरा योजना के तहत बेटियों को 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि घनसाली क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा तथा पिलखी बेलेश्वर क्षेत्र में उप-चिकित्सालय स्थापित करने की घोषणा भी की।

प्रमुख लोकार्पित योजनाएं:-
मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित योजनाओं में शामिल हैं:
पीएमजीएसवाई के तहत धमातोली–घनसाली अखोड़ी मोटर मार्ग (वाया चांजी) का अपग्रेडेशन
नागेश्वर सौड़ से गोना (वाया सरकंडा) मोटर मार्ग अपग्रेडेशन
विकासखंड भिलंगना अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज कोट विशन में भवन का पुनर्निर्माण

प्रमुख शिलान्यास योजनाएं:-
शिलान्यास की गई योजनाओं में शामिल हैं:
विश्व बैंक पोषित यू-प्रिपेयर योजना के अंतर्गत घनसाली में 50 मीटर स्टील गर्डर मोटर सेतु निर्माण
तहसील बालगंगा के आवासीय एवं अनावासीय भवन निर्माण
गंगी में स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी का सीएचसी में उच्चीकरण
विधायक घनसाली शक्तिलाल शाह ने क्षेत्र की 37 सूत्रीय मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। इनमें अखोड़ी का उच्चीकरण, थाती भटवाड़ा में बाढ़ सुरक्षा कार्य, धमातोली हाईस्कूल का इंटर कॉलेज में उच्चीकरण, मिनी स्टेडियम निर्माण और विभिन्न सड़कों के निर्माण की मांग प्रमुख रही। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, एसएसपी आयुष अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। घनसाली में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए सरकार ने पहाड़ी क्षेत्रों में आधारभूत संरचना और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में अपनी प्राथमिकता स्पष्ट की है।


