देहरादून के तिब्बती मार्केट के सामने हुए चर्चित हत्याकांड का देहरादून पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य शूटर और उसके सहयोगी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा गया है। पुलिस फायरिंग के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। उनका अस्पताल में उपचार जारी है।

हत्याकांड के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया था। रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में तड़के सुबह चेकिंग के दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश को कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लालतप्पर पुलिस चौकी पर चेकिंग के दौरान एक स्कूटी सवार संदिग्ध पुलिस को देखकर भाग निकला। आरोपी एक खंडर फैक्ट्री में घुस गया और पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसे भी गोली लगी और गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में दोनों ने तिब्बती मार्केट हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस अब हत्याकांड के पीछे की साजिश, आपराधिक पृष्ठभूमि और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।



