देहरादून के शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मण चौक स्थित एक फर्नीचर वर्कशॉप में सोमवार रात करीब 9:30 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में लपटों ने पूरी वर्कशॉप को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की 6 गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर बमुश्किल काबू पाया जा सका।

आतिशबाजी से आग लगने की आशंका :-
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पास में चल रहे एक शादी समारोह की आतिशबाजी की चिंगारी वर्कशॉप तक पहुंचने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। नगर अग्निशमन अधिकारी किशोर उपाध्याय ने बताया कि प्रथम दृष्टया आतिशबाजी की चिंगारी से आग भड़कने की संभावना है। उन्होंने बताया कि आग पर 6 फायर टेंडरों की मदद से काबू पाया गया है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और अग्रिम कार्रवाई जारी है।
लाखों का सामान जलकर राख :-
आग की चपेट में आने से वर्कशॉप में रखा फर्नीचर, लकड़ी और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने मौके पर भीड़ को नियंत्रित किया, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
सुभाष नगर में भी हो चुकी है ऐसी घटना :-
गौरतलब है कि 9 फरवरी 2026 को देहरादून के सुभाष नगर क्षेत्र में एक टेंट हाउस में भी आग लग गई थी। उस घटना में भी दमकल विभाग ने समय रहते आग पर काबू पा लिया था। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण बताया गया था। हालांकि उस घटना में भी भारी मात्रा में सामान जलकर राख हो गया था। लगातार सामने आ रही आगजनी की घटनाओं ने बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों और आतिशबाजी के नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन द्वारा मामले की जांच जारी है।


