राजधानी देहरादून स्थित जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से बुधवार को हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और खुफिया एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे न्यायालय परिसर को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस टीम परिसर के हर कोने की बारीकी से जांच कर रही है।

गौरतलब है कि बीते दो दिनों में प्रदेश के कई जिलों के न्यायालय परिसरों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। इससे पहले हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी और नैनीताल के जिला न्यायालयों को धमकी भरे संदेश मिले थे। हालांकि अब तक की जांच में किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है।

सोमवार को उत्तरकाशी और नैनीताल न्यायालय को धमकी मिलने के बाद आज देहरादून कोर्ट को निशाना बनाया गया है। लगातार मिल रही धमकियों के चलते सभी न्यायालय परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रवेश द्वारों पर चेकिंग बढ़ाई गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
प्रारंभिक तौर पर पुलिस इसे असामाजिक तत्वों की शरारत मानकर जांच कर रही है। साथ ही धमकी भरे संदेशों के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर टीम भी सक्रिय कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेशभर में न्यायालय परिसरों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।


