उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में कुमाऊं कांग्रेस पार्टी कार्यालय स्वराज आश्रम में कांग्रेस की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा की गई। इसके साथ ही 16 फरवरी को प्रस्तावित लोक भवन घेराव की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में देहरादून पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर यशपाल आर्या ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार जनमुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में पार्टी को मजबूती मिलेगी और जल्द बड़े नेता कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। यशपाल आर्य ने कहा कि, कांग्रेस के संपर्क में कई प्रमुख नेता हैं और उनसे लगातार बातचीत चल रही है।

हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व लेगा और औपचारिक घोषणा भी वहीं से की जाएगी। साथ ही बैठक को आगामी चुनावों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


