मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

अपने शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व भगवान शिव और माता शक्ति की आराधना का पवित्र अवसर है। यह दिन आत्मचिंतन, तप, संयम और आध्यात्मिक जागरण का प्रतीक है। भगवान शिव का जीवन हमें धैर्य, करुणा, त्याग और समरसता का संदेश देता है, जो समाज को एकता के सूत्र में बांधने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड शिव की भूमि है और यहां की आस्था, संस्कृति और परंपराएं भगवान भोलेनाथ से गहराई से जुड़ी हैं। महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रार्थना की कि भगवान शिव की असीम कृपा से प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे तथा उत्तराखंड निरंतर विकास, उन्नति और खुशहाली के पथ पर आगे बढ़ता रहे।


