मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम से ठीक पहले हल्द्वानी में उस समय हलचल तेज हो गई, जब कार्यक्रम स्थल के नजदीक एक कार के भीतर युवक का शव मिलने की सूचना फैली। मामला सुशीला तिवारी अस्पताल के पास का है।
अस्पताल के समीप खड़ी एक कार में 32 वर्षीय युवक अचेत अवस्था में दिखाई दिया। आसपास मौजूद लोगों ने जब पास जाकर देखा तो युवक में कोई हरकत नहीं थी। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

कुछ ही देर में पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कार का दरवाजा खुलवाकर जांच की गई तो युवक मृत पाया गया। शुरुआती जांच में शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगी। मृतक की पहचान अरुण बिष्ट (32 वर्ष) के रूप में हुई है। वे बरेली रोड स्थित एक बैंकेट हॉल का संचालन करते थे। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
पुलिस फिलहाल हर एंगल से जांच कर रही है। सीएम कार्यक्रम के मद्देनज़र क्षेत्र में पहले से सुरक्षा व्यवस्था थी, ऐसे में घटना ने प्रशासनिक हलकों में भी सतर्कता बढ़ा दी। परिवार में शोक का माहौल है, जबकि शहर में घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।


