उत्तराखंड की अंतरराष्ट्रीय महिला बॉडीबिल्डर प्रतिभा थपलियाल को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभा थपलियाल की उपलब्धियां प्रदेश की मातृशक्ति के गौरव का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता से विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाली बेटियों को खेल सहित अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं सदैव सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक जीवन की धुरी रही हैं और आज खेल के क्षेत्र में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां :-
43 वर्षीय प्रतिभा थपलियाल ने पिछले चार वर्षों में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
वर्ष 2023 में राष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक।
एशियाई बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक।
9 फरवरी 2026 को तेलंगाना के करीमनगर में आयोजित राष्ट्रीय महिला बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक।
प्रतिभा थपलियाल महिला विश्व चैंपियनशिप और एशिया चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली महिला बॉडीबिल्डर हैं।
इस अवसर पर राज्य आंदोलनकारी रविंद्र जुगरान भी उपस्थित रहे।
प्रदेश सरकार ने कहा है कि महिला खिलाड़ियों को हर संभव प्रोत्साहन दिया जाएगा, ताकि उत्तराखंड की बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर निरंतर सफलता प्राप्त करती रहें।


