भाजपा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल प्रशिक्षण महाभियान के तहत आयोजित कार्यशाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण उन्हें नई ऊर्जा, उत्साह और जन सेवा में संवेदनशीलता बढ़ाने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण आयोजित करने से ही भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में स्थापित हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता आज झूठ, भ्रम, अफवाह और खोखले वादों पर विश्वास नहीं करती। केंद्र और प्रदेश में भाजपा को लगातार सफलता मिलने का यही परिणाम है। उन्होंने रोजगार के क्षेत्र में आंकड़े साझा करते हुए कहा कि पिछले 25 वर्षों में 42 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जिनमें से 28 हजार नौकरियां पिछले चार वर्षों में दी गईं।




क्षेत्रीय प्रशिक्षण प्रभारी अमरपाल मौर्य ने कहा कि, संगठन से राष्ट्र निर्माण के लक्ष्य प्राप्ति हेतु कार्यकर्ताओं का निर्माण यही प्रशिक्षण सुनिश्चित करेगा। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह प्रशिक्षण ऐसे कार्यकर्ताओं का निर्माण करता है जो वोट से अधिक जनता का विश्वास अर्जित करते हैं।

कार्यशाला में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने जानकारी दी कि प्रशिक्षण चार सत्रों में आयोजित हुआ। अभियान के तहत आने वाले दिनों में कुमाऊं और गढ़वाल मंडल में विभिन्न प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। बूथ स्तर से लेकर मंडल और जिला स्तर तक प्रशिक्षण क्रमशः 2 से 3 दिनों तक चलेगा, जिसमें रात्रि प्रवास अनिवार्य होगा।

प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण के मुख्य विषयों में संगठन का वैचारिक अधिष्ठान, एकात्म मानव वाद दर्शन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, कार्यपद्धति और देश की चुनौतियां शामिल होंगी। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ता न केवल संगठन को मजबूत करेंगे, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सेवाओं को पहुंचाने में भी सक्षम होंगे।
कार्यक्रम में प्रदेश संयोजक कुंदन परिहार, सह संयोजक नेहा जोशी, प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और अभियान की टीम के सदस्य उपस्थित रहे।



