कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर प्रेम, भाईचारे और एकजुटता का संदेश दिया।
समारोह का सबसे आकर्षक दृश्य तब देखने को मिला जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत एक ही पारंपरिक पोशाक में होली खेलते नजर आए।

पारंपरिक होल्यार गीतों पर झूमे नेता:-
गढ़वाल से आए होल्यारों ने पारंपरिक होली गीतों की प्रस्तुति दी, जिससे प्रदेश मुख्यालय का प्रांगण पूरी तरह उत्सव स्थल में बदल गया। ढोल और लोकधुनों पर कांग्रेस के शीर्ष नेता थिरकते नजर आए। खासकर गणेश गोदियाल, हरक सिंह रावत, प्रीतम सिंह और करन माहरा पारंपरिक होल्यार गीतों पर जमकर झूमते दिखाई दिए।
नेताओं ने दी होली की शुभकामनाएं:-
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रदेशवासियों को रंगों के इस पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने का प्रतीक है। उन्होंने कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में खुशियां और सकारात्मकता लेकर आए।
हरक सिंह रावत ने भी प्रदेशवासियों को होली की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व सबके जीवन में प्रेम, समृद्धि और अपार खुशियां लेकर आए।
वहीं करन माहरा ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में होली जैसे पर्व की महत्ता और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि आपसी भाईचारे और सौहार्द का वातावरण बनाए रखना जरूरी है और किसी भी तरह की नकारात्मकता से ऊपर उठकर समाज को एकजुट रखना चाहिए।
कांग्रेस का यह होली मिलन समारोह उत्सव के साथ-साथ संगठनात्मक एकता और सामाजिक सौहार्द का संदेश देने का मंच भी बना।


